अमेरिका | अमेरिका के पिट्सबर्ग शहर के पास स्थित ‘यूएस स्टील’ संयंत्र में सोमवार को हुए भीषण विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 10 लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 10:51 बजे हुई इस घटना में संयंत्र को भारी नुकसान पहुंचा और आसपास के मॉन वैली इलाके में काले धुएं का घना गुबार छा गया। एक कर्मचारी को कई घंटों की मशक्कत के बाद मलबे से जिंदा निकाला गया।
धमाके के बाद संयंत्र में कई छोटे विस्फोट भी हुए, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों को इलाके से दूर रहने की सलाह दी ताकि राहत और बचाव कार्य में बाधा न आए। यूएस स्टील के मुख्य विनिर्माण अधिकारी स्कॉट बकिसो ने कहा कि हादसे की जांच जारी है और अभी नुकसान का पूरा आकलन नहीं हो पाया है।
स्थानीय अस्पतालों ने घायल कर्मचारियों का इलाज किया, जिनमें से अधिकांश को कुछ घंटों में छुट्टी दे दी गई। हालांकि, तीन लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं।
यह संयंत्र पहले भी हादसों का शिकार हो चुका है। 2009 और 2010 में यहां हुए धमाकों में कई लोगों की मौत और दर्जनों घायल हुए थे। करीब 1,400 कर्मचारियों वाले इस क्लैरटन संयंत्र को प्रदूषण से जुड़ी शिकायतों को लेकर भी आलोचना का सामना करना पड़ा है। अधिकारियों ने फिलहाल इलाके को सील कर दिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।