मुंबई | पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें 1xBet बेटिंग ऐप मामले में पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है। रैना को बुधवार को दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। ईडी इस ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की जांच कर रही है। रैना इस ऐप के ब्रांड एंबेसडर रह चुके हैं, इसी कारण उनका नाम जांच में आया है।
यह मामला सिर्फ रैना तक सीमित नहीं है। ईडी और पुलिस की जांच में कई अन्य क्रिकेटरों और बॉलीवुड कलाकारों के नाम भी सामने आए हैं। हाल ही में हैदराबाद की मियापुर पुलिस ने अभिनेता राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज, मांचू लक्ष्मी, निधि अग्रवाल समेत 25 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोप है कि इन हस्तियों ने सट्टेबाजी ऐप को प्रमोट किया, जिससे युवाओं में जुए की लत फैलने और आर्थिक नुकसान की समस्या बढ़ी।
पुलिस का कहना है कि ये बेटिंग ऐप्स युवाओं को आसान कमाई का लालच देकर उन्हें जुआ खेलने की ओर धकेलते हैं, जो सीधे कानून का उल्लंघन है। 1xBet मामले में ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ऐप के जरिए कितने पैसों की हेराफेरी हुई और इसमें किन लोगों की सीधी भूमिका थी।
जांच एजेंसियों का फोकस अब उन वित्तीय लेन-देन और प्रचार अभियानों पर है, जिनसे ऐप को बढ़ावा मिला। अगर आरोप साबित होते हैं, तो इसमें शामिल हस्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।