कैथल | जम्मू-कटरा नेशनल हाईवे पर गांव खरक पांडवा के पास आज तड़के बड़ा हादसा टल गया, जब पंजाब आम आदमी पार्टी की लुधियाना साउथ से विधायक राजिंद्रपाल कौर छिन्ना की कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। उस समय कार में उनके पति, एक युवक और गनमैन भी मौजूद थे।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को करीब 4 बजे कैथल के निजी शाह अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। विधायक के दाहिने पैर में हल्की चोट और बाकी लोगों को मामूली खरोंचें आईं। सभी का एक्स-रे किया गया, जिसमें कोई गंभीर फ्रैक्चर नहीं पाया गया। उपचार के बाद विधायक ने लुधियाना लौटने की इच्छा जताई और करीब एक घंटे बाद वह रवाना हो गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि गाड़ी अचानक अनियंत्रित होने से हादसा हुआ। वाहन को क्रेन से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने राहत जताई कि बड़ा हादसा टल गया और सभी सुरक्षित हैं।