इंद्री | गांव रिन्डल के पास कमालपुर रोडान मार्ग पर बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 42 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सुबह एक किसान खेत में गया तो उसने रास्ते के पास एक व्यक्ति को मृत हालत में देखा। मृतक के पास एक मोटरसाइकिल खड़ी थी और आसपास जले हुए तारों के टुकड़े भी मिले। इससे शक जताया जा रहा है कि मृतक चोरी के इरादे से वहां आया हो सकता है और करंट लगने या किसी अन्य कारण से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवाया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना भेजी गई है।
डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि घटनास्थल से मोटरसाइकिल और जले हुए तार बरामद हुए हैं। चोरी की आशंका पर भी जांच हो रही है और सभी पहलुओं को गंभीरता से परखा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा होगा।