मोगा | जिले के कस्बा बाघापुराना में एक बड़ा हादसा टल गया। जगराओं से नत्थूवाला जा रहे मां-बेटे की कार, नशे में धुत दो युवकों की लापरवाह बाइक सवारी से बचाते हुए गिल गांव की नहर किनारे खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, अचानक सामने आए बाइक सवार युवकों ने गलत तरीके से मोटरसाइकिल मोड़ी, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया। गाड़ी सीधी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया।
गनीमत रही कि खाई में मौजूद पेड़ों ने कार को सहारा दे दिया, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल मां-बेटे दोनों सुरक्षित हैं और क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली।