बिहार | बिहार के हाजीपुर में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बड़ी कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, एके-47 बरामदगी मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए एनआईए की छह सदस्यीय टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर तड़के करीब 4:30 बजे डाक बंगला चौक स्थित ऑटो स्टैंड संचालक राजू राय के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान एनआईए अधिकारियों ने राजू राय से लंबी पूछताछ की। यह पूरी कार्रवाई 2024 में मुजफ्फरपुर के एक मुखिया के घर से बरामद हुई एके-47 राइफल की जांच से जुड़ी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, हाजीपुर के साथ-साथ बिहार के अन्य इलाकों में भी एनआईए की टीमें दबिश दे रही हैं। माना जा रहा है कि यह छापेमार अभियान प्रदेश में सक्रिय हथियार तस्करी नेटवर्क और कुछ संगठित आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों से जुड़ा हो सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दिसंबर 2024 में एनआईए ने हाजीपुर शहर में एके-47 तस्करी मामले के सिलसिले में दो ठिकानों पर छापेमारी की थी। एजेंसी को शक है कि बिहार के कई जिलों में फैला यह नेटवर्क अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़ा हुआ है।