सिरसा | ओढां थाना क्षेत्र के गांव रत्ताखेड़ा में बुधवार रात एक भयावह घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। गांव के हनुमान मंदिर के पास 55 वर्षीय अमीलाल का शव मिला, जिस पर तेजधार हथियार से कई वार किए गए थे।
सूबह ग्रामीणों ने शव देखा और तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना प्रभारी ब्रहमप्रकाश की टीम ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। जांच में सामने आया कि अमीलाल रात करीब 12:10 बजे तक गांव में कुछ लोगों के साथ हुक्का पीते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद थे। इसके बाद वह वहां से चले गए और फिर लौटकर नहीं आए।
परिजनों ने बताया कि अमीलाल बुधवार रात करीब 10 बजे घर से निकले थे और थोड़ी देर में लौटने की बात कही थी, लेकिन रात भर उनका कोई पता नहीं चला। सुबह जब मंदिर के पास उनका शव मिला, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के सिर और कमर पर वार किए गए हैं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी ब्रहमप्रकाश ने कहा कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा गांव में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हत्या की गुत्थी जल्द सुलझाई जा सके।