Mandi, dharamveer
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर मंडी जिला के पंडोह से औट तक इन दिनों हालात बेहद खराब हैं। कैंची मोड़, दयोड, जोगणी माता मंदिर, दवाड़ा, रैंशनाला, झलोगी और शनि मंदिर के पास बने डेंजर स्पॉट के कारण वाहनों की आवाजाही बेहद मुश्किल हो गई है। यही वजह है कि रोजाना इस मार्ग पर भारी जाम लग रहा है और यात्री घंटों फंसे रहते हैं।
दिन में तो लोग दुकानों से कुछ खरीदकर खा-पी लेते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में यात्रियों के पास खाने-पीने की कोई सुविधा नहीं होती। ऐसे में मंडी जिला प्रशासन ने राहत पहल करते हुए बाबा बालक नाथ मंदिर कमेटी पंडोह के सहयोग से भोजन उपलब्ध करवाना शुरू किया है। प्रशासन राशन मुहैया करा रहा है और मंदिर कमेटी के सदस्य खाना पकाकर जगह-जगह फंसे हुए लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
“कोई भूखा न रहे”
मंदिर कमेटी पंडोह के प्रधान दीपक सैनी ने कहा कि प्रशासन ने इस सेवा कार्य की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है और वे पूरी निष्ठा से इसे निभा रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक जाम की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक यह व्यवस्था जारी रहेगी।
यात्रियों ने जताया आभार
जाम में फंसे राहगीरों ने प्रशासन और मंदिर कमेटी का आभार व्यक्त किया है। पर्यटक अर्पित और ट्रक चालक सतीश पाल ने कहा कि वे लंबे समय से जाम में फंसे हैं और ऐसी स्थिति में भोजन मिलना बड़ी राहत है।
पहले भी निभाई सेवा
यह कोई पहला मौका नहीं है जब प्रशासन और मंदिर कमेटी ने ऐसी सेवा दी हो। वर्ष 2023 की आपदा के दौरान भी लगातार 22 दिन तक सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक जाम में फंसे लोगों को मुफ्त भोजन उपलब्ध करवाया गया था। इस बार भी वही जनसेवा की भावना देखने को मिल रही है.