नई दिल्ली | भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए अहम चेतावनी जारी की है। देशभर में तेजी से बढ़ रहे साइबर फ्रॉड और फर्जी कॉल्स के बीच बैंक ने साफ कर दिया है कि अब ग्राहक आसानी से पहचान सकते हैं कि असली कॉल बैंक से है या किसी ठग का।
किस नंबर से आएगा SBI का असली कॉल?
SBI ने जानकारी दी है कि उसके कस्टमर केयर सेंटर से आने वाले कॉल्स सिर्फ ‘1600’ या ‘140’ सीरीज से ही होंगे। यानी अगर आपको इन सीरीज से कॉल आता है, तो ही उसे बैंक का असली कॉल माना जाएगा। बाकी किसी भी मोबाइल या लैंडलाइन नंबर से आने वाली कॉल को लेकर ग्राहकों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
फोन पर न बताएं अपनी निजी जानकारी
SBI ने दोहराया है कि बैंक कभी भी अपने ग्राहकों से फोन पर OTP, पासवर्ड, डेबिट कार्ड नंबर, PIN या खाता संबंधित जानकारी नहीं मांगता। अगर कोई अज्ञात नंबर इन जानकारियों की मांग करता है, तो तुरंत कॉल काट दें और इसकी रिपोर्ट करें।
ठगी होने पर कहां करें शिकायत?
अगर आप साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं या संदिग्ध कॉल प्राप्त होती है, तो तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें। समय पर सूचना देने से धोखाधड़ी रोकी जा सकती है और आपकी वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
सुरक्षा के लिए रखें ये सावधानियां:
- OTP या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
- अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।
- संदिग्ध कॉल के नंबर को नोट करके रिपोर्ट करें।
- केवल 1600 या 140 सीरीज से आए कॉल को ही SBI का मानें।