पठानकोट | पंजाब और हिमाचल में जारी मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। तेज बारिश से जिले के कई हिस्सों में भारी नुकसान हुआ है। इसी बीच सबसे बड़ा संकट पठानकोट के चक्की दरिया पुल पर मंडरा रहा है, जो जम्मू-कश्मीर को रेलमार्ग से पूरे देश से जोड़ने वाली अहम कड़ी है।
जानकारी के अनुसार, चक्की दरिया के तेज बहाव से पुल के नीचे से लगातार मिट्टी खिसक रही है। हालात गंभीर होते देख प्रशासन ने पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे पठानकोट आने-जाने वाले दोनों रास्ते और नेशनल हाईवे भी बाधित हो गए हैं, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मुकेरिया से गुरदासपुर होते हुए ही जम्मू का सफर तय करें और फिलहाल पठानकोट की ओर न आएं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल देश की जीवन रेखा है, जो जम्मू-कश्मीर से कन्याकुमारी तक को जोड़ता है। ऐसे में मिट्टी का लगातार खिसकना बेहद खतरनाक संकेत है।
रेलवे अधिकारी और प्रशासन की टीमें हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं। वहीं सुरक्षा अधिकारी ने साफ किया है कि दरिया का जलस्तर बढ़ने के कारण ही मिट्टी खिसक रही है और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पुल बंद किया गया है।