दीनानगर | पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। रावी नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है। स्थिति और गंभीर तब हो गई जब कल नदी में अतिरिक्त 2 लाख 70 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
तेजी से बढ़ते जलस्तर के कारण मकौड़ा घाट के उस पार स्थित सात गांवों का संपर्क टूट गया है। नाव सेवा भी बंद कर दी गई है। पानी खेतों तक पहुंच गया है, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
स्थिति को देखते हुए क्षेत्र के सभी स्कूल बंद करने पड़े हैं क्योंकि छात्र और शिक्षक समय पर स्कूल तक नहीं पहुंच पाए। एसडीएम दीनानगर जसपिंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे बिना जरूरत नदी के नजदीक न जाएं। प्रशासन ने हालात पर करीबी नजर रखी हुई है।