जालंधर | सिटी रेलवे स्टेशन पर महंगी स्कॉच तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने हरियाणा से जुड़े दो युवकों को गिरफ्तार किया, जो जानी-मानी ब्रांड्स ब्लैक लेबल और रेड लेबल की विस्की को लुधियाना से जालंधर ला रहे थे। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि शराब आगे किसे सप्लाई की जानी थी।
जी.आर.पी. थाने की टीम ने ए.एस.आई. हीरा सिंह के नेतृत्व में प्लेटफार्म पर चेकिंग के दौरान 16 बोतलें बरामद कीं। आरोपियों ने किसी भी वैध लाइसेंस या परमिट को पेश नहीं किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार और शेखर के रूप में हुई।
एस.एच.ओ. अशोक कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट की धारा 61/1/14 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
पुलिस ने कहा कि यह गिरफ्तारी शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान की कड़ी है और रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे तस्करों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क को समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।