Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सातवें दिन प्रश्नकाल के दौरान उद्योगों का मुद्दा छाया रहा। भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने प्रदेश में नए उद्योग लगाने और मौजूदा उद्योगों के पलायन पर सवाल खड़े किए। विपक्ष को उद्योग मंत्री और मुख्यमंत्री का जवाब असंतोषजनक लगा, जिसके चलते सदन में नारेबाजी हुई और विपक्षी सदस्य वाकआउट कर गए।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के आने के बाद से प्रदेश में उद्योग या तो बंद हो रहे हैं या पलायन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार और उद्योगों से उगाही में लगी हुई है, जिससे निवेशक हिमाचल में उद्योग लगाने से कतराने लगे हैं। उनका कहना था कि उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिए अहम हैं, लेकिन सरकार उन्हें प्रोत्साहित करने के बजाय हतोत्साहित कर रही है।
वहीं भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि बीते तीन सालों में हिमाचल में एक भी बड़ी इंडस्ट्री स्थापित नहीं हुई है। बिजली दरों में वृद्धि और उद्योगपतियों को परेशान करने के कारण निवेशक प्रदेश से पलायन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सवालों का ठोस जवाब देने के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाज़ी की।