Shimla, 26 August
हिमाचल विधानसभा में उद्योगों के मुद्दे पर हंगामा होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विपक्ष पर पलटवार किया। विपक्ष के वॉकआउट के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में कस्टमाइज पैकेज के नाम पर बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है, जिसकी गंभीर जांच सरकार करेगी।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व उद्योग मंत्री ने भ्रष्टाचार को नियमों का रूप देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने कंपनियों को बेहद कम दाम पर जमीनें दीं। स्टांप ड्यूटी में 100 प्रतिशत छूट दी गई, 4000 बीघा जमीन 1 रुपये प्रति वर्ग मीटर और 300 बीघा जमीन 3 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर पर दी गई।राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के विपक्ष द्वारा किए गए बहिष्कार पर सीएम ने कहा कि विपक्ष का यह कदम केवल इसलिए है क्योंकि मंत्री सच बोल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा आपसी गुटबाज़ी में उलझी हुई है और विपक्ष कन्फ्यूजन और परेशानी में है।भारी बारिश से बने हालातों पर भी मुख्यमंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई जिलों में नुकसान हो रहा है और डीसी स्तर पर शिक्षण संस्थानों को बंद करने या खोलने के निर्णय के आदेश दिए गए हैं। सरकार हालात पर लगातार नज़र रखे हुए है और ज़रूरी कदम उठा रही है।