पलवल | पलवल पुलिस ने एक बड़े साइबर अपराध गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी लोगों को निवेश कर पैसे दोगुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके थे। छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 27 मोबाइल फोन, 9 पासबुक और कई एटीएम कार्ड बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी बिहार के जोगबनी बॉर्डर से पकड़े गए। इनकी पहचान पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश और नेपाल निवासी के तौर पर हुई है। पूछताछ में पुलिस को गिरोह से जुड़े कई और अहम राज़ मिलने की संभावना है।
जांच में सामने आया कि ये गिरोह पलवल के ही एक व्यक्ति से लगभग 10 हज़ार रुपये की ठगी कर चुका था। साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर फर्जी कॉल सेंटर तक का पीछा किया और आरोपियों को दबोच लिया। जानकारी के अनुसार, गिरोह देशभर में लोगों को निशाना बनाता था और इसके तार विदेशों में बैठे मास्टरमाइंड ठगों से भी जुड़े हैं।
पुलिस ने बताया कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा और ठगी गए पैसों की बरामदगी की जाएगी।