Nurpur, Sanjeev
पौंग झील में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण मंगलवार को झील से अतिरिक्त पानी छोड़ा गया, जिससे निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। रियाली पंचायत के मंड भोग्रवां समेत 12 गांवों का संपर्क मुख्य सड़कों से पूरी तरह टूट गया है।हालात बिगड़ते ही राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए। अब तक 40 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। बचाव कार्य में एनडीआरएफ की टीमें, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।
एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती, थाना प्रभारी पवन गुप्ता और बीएमओ डॉ. रीचा के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला मौके पर डटा हुआ है। एनडीआरएफ लगातार प्रभावित गांवों से लोगों को निकालकर सुरक्षित शिविरों तक पहुंचा रही है।स्थानीय स्वयंसेवी भी राहत कार्यों में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। एसडीएम ने बताया कि फतेहपुर से रियाली की सड़क पर पानी आने से संपर्क टूट गया है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं।इंदौरा और फतेहपुर उपमंडल प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है।