रुद्रप्रयाग। केदारनाथ मंदिर से करीब 3 किलोमीटर ऊपर स्थित चौराबाड़ी ताल (गांधी सरोवर) के पास एक नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंगलवार को कुछ स्थानीय युवक ग्लेशियर क्षेत्र में घूमने पहुंचे थे, तभी उन्होंने पत्थरों के बीच मानव कंकाल देखा और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन
सूचना मिलते ही केदारनाथ चौकी पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और यात्रा मैनेजमेंट फोर्स (YMF) मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान कंकाल के पास एक बैग भी मिला, जिसमें मोबाइल फोन और कॉलेज की ID कार्ड बरामद हुई। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया है।
तेलंगाना का रहने वाला था युवक
ID कार्ड की जांच से पता चला कि कंकाल जिस युवक का है, वह तेलंगाना का निवासी था। पुलिस ने तेलंगाना पुलिस और परिजनों से संपर्क किया। परिवार ने पुष्टि की कि युवक की गुमशुदगी रिपोर्ट 31 अगस्त 2024 को दर्ज कराई गई थी। आखिरी बार उसने 30 अगस्त 2024 को घर फोन किया था और बताया था कि वह दिल्ली जा रहा है। लेकिन मोबाइल लोकेशन से उसकी मौजूदगी उत्तराखंड में पाई गई थी।
चौराबाड़ी ताल का इतिहास
चौराबाड़ी ताल, जिसे गांधी सरोवर भी कहा जाता है, समुद्र तल से करीब 12,800 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा में इस झील को मुख्य कारणों में गिना गया था। प्रशासन ने यहां पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा रखी है, लेकिन इसके बावजूद लोग यहां पहुंचते रहते हैं और कई बार रेस्क्यू ऑपरेशन भी करना पड़ता है।