काबुल | अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के नजदीक बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 25 यात्रियों की मौत हो गई और 27 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा काबुल के अरघंडी इलाके में उस समय हुआ जब यात्रियों से भरी बस तेज रफ्तार के कारण अचानक पलट गई।
सरकारी प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने बताया कि यह बस दक्षिणी प्रांतों हेलमंद और कंधार से यात्रियों को लेकर काबुल आ रही थी। सुबह करीब 4 बजे हुए इस हादसे में बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना का मुख्य कारण ड्राइवर की लापरवाही और बस में क्षमता से अधिक यात्रियों का सवार होना था।
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्टों के अनुसार, अफगानिस्तान में हर साल हजारों लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाते हैं। यहां सड़क हादसों के पीछे कई कारण जिम्मेदार माने जाते हैं, जिनमें खराब सड़कें, जर्जर वाहन, लापरवाह चालक, सड़क सुरक्षा नियमों की कमी और समय पर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच न होना शामिल है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है और तालिबान सरकार के सामने बड़ी चुनौती बन चुकी है। लगातार हो रहे हादसे देश की सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोरी को उजागर कर रहे हैं।