Shimla, 27 August
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में नेताओं के कथित हस्तक्षेप को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के विधायक अब सीधे आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस विधायक राम कुमार ने भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर के खिलाफ 2 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजने की बात कही है।
राम कुमार का आरोप है कि जब बिक्रम सिंह उद्योग मंत्री थे, उस दौरान उन्होंने उद्योगपतियों से उगाही की और उन पर दबाव बनाने का काम किया।वहीं, बिक्रम सिंह इन आरोपों को नकारते हुए कहते हैं कि न तो उन्होंने कभी किसी उद्योगपति से उगाही की और न ही किसी नेता का नाम लेकर आरोप लगाया। उनके मुताबिक, “राम कुमार खुद ही इस तरह की बातें कर रहे हैं और इस तरह ये आरोप खुद ही साबित हो जाते हैं।”राम कुमार ने कहा कि वे एक व्यावसायिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं और बद्दी के औद्योगिक क्षेत्र के विकास में उनके परिवार का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सभी कारोबार पूरी तरह लीगल हैं और उन पर लगाए जा रहे आरोप सिर्फ बेबुनियाद हैं।
दूसरी ओर, बिक्रम सिंह ने कांग्रेस सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि कोई गड़बड़ी हुई है तो पिछले तीन साल में कांग्रेस सरकार जांच क्यों नहीं करा पाई। उन्होंने कहा कि केवल तथ्यहीन आरोप लगाना राजनीति है, असलियत जांच में सामने आ जाएगी।