दीनानगर | गुरदासपुर जिला प्रशासन ने जवाहर नवोदय विद्यालय, दबूरी के प्रिंसिपल के खिलाफ बच्चों की सुरक्षा को नजरअंदाज करने पर कड़ा कदम उठाया है। डिप्टी कमिश्नर गुरदासपुर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रिंसिपल को “कारण बताओ नोटिस” जारी किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने नोटिस में बताया कि जब प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया था, तब प्रिंसिपल ने बच्चों को घर नहीं भेजा। साथ ही, रावी दरिया के पास के क्षेत्रों में बाढ़ आने की चेतावनी कई बार दी गई थी। इन निर्देशों की अनदेखी करना और बच्चों को संभावित खतरे में रखना पूर्णतः अस्वीकार्य है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन को जवाब देना अनिवार्य है और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई की जा सकती है।