नई दिल्ली | देश के दूसरे सबसे बड़े उद्योगपति गौतम अडानी की कंपनी अडानी पावर को मध्य प्रदेश सरकार से एक बड़ा प्रोजेक्ट मिला है। इस खबर के बाद सोमवार को मार्केट खुलते ही कंपनी के शेयरों में तेजी आई और यह 2% उछलकर ₹614.80 तक पहुंच गया।
क्या है यह प्रोजेक्ट?
मध्य प्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (MPPMCL) ने अडानी पावर को अनूपपुर जिले में 800 मेगावाट का अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट बनाने का ठेका दिया है। इस परियोजना में करीब ₹10,500 करोड़ का निवेश होगा।
अडानी पावर ने बिजली सप्लाई के लिए ₹5.838 प्रति यूनिट की सबसे कम बोली लगाई थी। यह प्रोजेक्ट DBFOO मॉडल पर बनाया जाएगा यानी डिजाइन से लेकर निर्माण, निवेश और संचालन तक की पूरी जिम्मेदारी अडानी पावर संभालेगी। कंपनी का लक्ष्य है कि यह प्लांट अगले 54 महीनों में तैयार हो जाए।
राज्य को क्या फायदा होगा?
- इस प्लांट से मध्य प्रदेश की औद्योगिक और शहरी बिजली की जरूरतें पूरी होंगी।
- कोयले की सप्लाई SHAKTI पॉलिसी के तहत होगी, जिससे ईंधन की कमी नहीं आएगी।
- यह प्रोजेक्ट राज्य को ऊर्जा सुरक्षा देने के साथ-साथ औद्योगिक विकास की रफ्तार बढ़ाएगा।
अडानी पावर का कहना है कि यह निवेश आने वाले वर्षों में राज्य की ऊर्जा जरूरतों को सुरक्षित करेगा और विकास की नई राह खोलेगा।