1 September, 2025
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि लगातार बारिश से प्रदेश में हालात गंभीर बने हुए हैं और सरकार प्रभावितों तक राहत पहुँचाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जैसे ही मौसम सुधरेगा, राहत और बचाव कार्य और तेज़ किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि बारिश का असर पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रभावित लोगों के लिए अलग-अलग जगहों पर ठहरने और सहायता के प्रबंध किए गए हैं। वहीं, राजस्व मंत्री जगत सिंह लगातार ज़मीनी हालात का जायज़ा लेकर रिपोर्ट दे रहे हैं।सक्खू ने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि इस मुश्किल वक़्त में राजनीति से ऊपर उठकर सबको साथ आना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश को अभी तक केवल नियमित मदद मिली है, कोई विशेष राहत पैकेज नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे विपक्षी नेताओं के साथ मिलकर केंद्र सरकार से विशेष पैकेज की माँग के लिए दिल्ली जाने को तैयार हैं।