Shimla, 3 September
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन से बिगड़ते हालातों पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इस समय पूरा प्रदेश किसी न किसी रूप में आपदा की चपेट में है। कई स्थानों पर गांव खतरे में हैं और जमीन धंसने से घरों में दरारें आ गई हैं, जिससे वहां रहना बेहद खतरनाक हो गया है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सैकड़ों सड़कें बंद हैं और जन-जीवन अस्तव्यस्त हो चुका है।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रशासन से आग्रह किया कि खतरनाक और संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर निवारक कदम उठाए जाएं। साथ ही ब्लैक स्पॉट को दुरुस्त किया जाए ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके।उन्होंने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से अपील की कि वे नदियों-नालों और जोखिम भरे क्षेत्रों से दूर रहें। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और मुश्किल समय में एक-दूसरे की मदद करें।जयराम ठाकुर ने कहा कि सतर्कता और सक्रियता ही आपदा से होने वाले नुकसान को कम कर सकती है।