Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून भारी तबाही लेकर आया है। जगह-जगह बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं से अब तक प्रदेश को लगभग 3,500 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि पूरे मानसून सीजन में अब तक 341 लोगों की जान जा चुकी है।
राज्य में इस समय करीब 1,100 सड़कें बाधित हैं। कई पेयजल परियोजनाएं और ट्रांसफॉर्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है तथा सड़कों की बहाली का कार्य तेज कर दिया गया है।मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि इस बार मानसून में असामान्य रूप से भारी बारिश हो रही है, जिससे प्रदेश को गंभीर जानमाल का नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा में हिमाचल को आपदा प्रभावित राज्य घोषित किया है और केंद्र सरकार से आर्थिक मदद दिलाने के लिए विपक्ष से भी सहयोग की अपील की है।उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार को आगे आकर हिमाचल की मदद करनी चाहिए, ताकि प्रभावित लोगों को पुनर्वास में राहत मिल सके।