मुंबई | मुंबई से बड़ी खबर सामने आई है। दादर रेलवे स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म नंबर 14 के पास बने बाइक पार्किंग क्षेत्र में मंगलवार को भीषण आग लग गई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते 10 से 12 बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले एक बाइक से धुआं उठा और फिर तेज़ लपटों ने आसपास खड़ी गाड़ियों को घेर लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कई बाइकें पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। माटुंगा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों में चर्चा है कि आग किसी शरारती तत्व द्वारा भी लगाई गई हो सकती है।
दादर स्टेशन मुंबई का सबसे व्यस्त रेलवे जंक्शन माना जाता है। ऐसे में दिनदहाड़े लगी इस आग से यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग मोबाइल फोन पर वीडियो बनाने और तस्वीरें खींचने लगे, जबकि पुलिस ने उन्हें सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।