शिमला | स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल (डॉ.) धनी राम शांडिल ने शुक्रवार को राजधानी शिमला स्थित दीन दयाल उपाध्याय जोनल अस्पताल (रिपन अस्पताल) में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की गई विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल की पुरानी एवं नई इमारत को जोड़ने वाले संपर्क सेतु (1.90 करोड़ रुपये), मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर (1.52 करोड़ रुपये) तथा विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई का लोकार्पण किया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ धनीराम शांडिल ने कहा कि इन परियोजनाओं से मरीजों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और अस्पताल की सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में 70 आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित कर रही है, जहां छह विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात होंगे और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। रिपन अस्पताल में मशीनों और स्टाफ की कमी को भी शीघ्र पूरा करने का आश्वासन उन्होंने दिया।