पलवल | हरियाणा के पलवल से पति-पत्नी के बीच विवाद का अनोखा मामला सामने आया है। एक युवक का आरोप है कि उसने पत्नी को दिल्ली पुलिस की भर्ती की तैयारी कराई, लेकिन नौकरी लगते ही पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई और अब साथ रहने से इनकार कर रही है। पति ने इस मामले को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाने के साथ-साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई है।
पति का आरोप
गांव बड़ौली निवासी 26 वर्षीय प्रीतम ने बताया कि उसने 2021 में लाइब्रेरी खोली थी, जहां उसकी मुलाकात राजीव नगर की युवती से हुई। दोनों के बीच रिश्ता गहराता गया और जनवरी 2023 में आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। प्रीतम का कहना है कि पत्नी की भर्ती तैयारी के लिए उसने अपनी लाइब्रेरी और जमीन बेचकर खर्च उठाया। मगर दिल्ली पुलिस में चयन और ट्रेनिंग पूरी होने के बाद पत्नी ने खुद को अविवाहित बताकर उसके साथ संबंध तोड़ लिए और मायके लौट गई।
कांस्टेबल का पक्ष
वहीं, युवती जो अब दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है, उसने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उसका कहना है कि प्रीतम ने धोखे से शादी की और अब गुजारा भत्ता वसूलने के दबाव में झूठे आरोप लगा रहा है। कांस्टेबल ने स्पष्ट किया कि तैयारी का पूरा खर्च उसने खुद उठाया और सामाजिक तौर पर शादी का फैसला दिसंबर 2025 तक के लिए टालने की बात पहले ही घरवालों ने रखी थी।
मामला पहुंचा कोर्ट और आयोग तक
प्रीतम ने शिकायत में यह भी कहा कि पत्नी और उसके परिवार वाले उस पर तलाक का दबाव बना रहे हैं। उसने सीएम हरियाणा और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल मामला कोर्ट और जांच एजेंसियों के संज्ञान में है।