पंचकूला | सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में रिटायर्ड शिक्षा विभाग के अधिकारी मोहन लाल सैनी के साथ बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार मोहन लाल सैनी सेक्टर-5ए पंचकूला के निवासी हैं और हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग से रिटायर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बीते दिन वह सेक्टर-16 में अपनी गाड़ी का फास्टैग रिचार्ज कराने गए थे। लौटते समय सेक्टर 9/10 और 11/15 के बीच के चौक पर दो बाइक सवारों ने उन्हें रोककर किसी जगह का पता पूछा। इसके बाद आरोपियों ने मौका पाकर उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गए।
पर्स में लगभग 10,000 रुपए नकद, एटीएम कार्ड, पेंशन कार्ड, सीनियर सिटीजन कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात थे। पीड़ित ने तुरंत बैंक जाकर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक करवा दिया।
सेक्टर-5 थाना के जांच अधिकारी ASI सुनील ने बताया कि आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं मिला है, लेकिन उन्हें पकड़ने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना है।