Hamirpur, Arvind
विधायक आशीष शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीते 18 महीनों से सरकार का एकमात्र उद्देश्य उन्हें और उनके परिवार को परेशान करना है। गुरुवार को विजिलेंस कार्यालय में पूछताछ के लिए पहुंचे शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वक्त हमेशा एक जैसा नहीं रहता, सरकार बदलेगी तो जवाब भी दिया जाएगा।
सरकार की असफलताओं को उजागर करने की सज़ा
शर्मा ने आरोप लगाया कि जब-जब उन्होंने प्रदेश सरकार की नाकामियों और कारनामों को सामने लाने की कोशिश की, तब-तब उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर परेशान किया गया। उनका कहना है कि वह हमेशा जांच एजेंसियों का सहयोग करते आए हैं, लेकिन हर बार एक जैसे सवाल पूछकर उन्हें दबाव में लाने की कोशिश की जाती है।
विधानसभा सत्र में नहीं बोलने दिया गया
विधायक ने बताया कि विधानसभा सत्र में उनके 20 सवाल सूचीबद्ध थे, लेकिन उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री द्वारा व्यक्तिगत टिप्पणी किए जाने पर ही उन्हें मजबूरी में सदन में अपनी बात सबके सामने रखनी पड़ी।
‘छोटे स्तर की राजनीति’
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन को भी उनके खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है, जो बेहद छोटे स्तर की राजनीति को दर्शाता है। आशीष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार राज्यसभा चुनाव की हार को अब तक नहीं भुला पाई है और उसी का बदला लिया जा रहा है।