नई दिल्ली | सिक्किम में एक बार फिर प्राकृतिक आपदा ने कहर ढाया है। पश्चिमी सिक्किम के यांगथांग निर्वाचन क्षेत्र के अपर रिम्बी में आधी रात भूस्खलन की घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, इस भूस्खलन में कम से कम चार लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग अभी भी लापता हैं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आपदा की भयावहता दिख रही है। भूस्खलन की चपेट में आए तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों को बचाने में मिली सफलता
स्थानीय पुलिस टीम, ग्रामीणों और एसएसबी जवानों ने मिलकर बाढ़ग्रस्त ह्यूम नदी पर पेड़ों की लकड़ियों से अस्थायी पुल बनाकर प्रभावित क्षेत्र से दो घायल महिलाओं को सुरक्षित निकाला।
एसपी गेजिंग शेरिंग शेरपा ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। तीन लोग अभी भी लापता हैं और खोज अभियान जारी है।