भिवानी | भिवानी में मनीषा नामक शिक्षिका की मौत के मामले की जांच कर रही CBI टीम ने नौवें दिन पहली बार आइडियल नर्सिंग कॉलेज पहुंचकर संचालकों से पूछताछ की। टीम ने करीब साढ़े आठ घंटे तक नर्सिंग कॉलेज के साथ-साथ आइडियल आईटीआई, आइडियल इंटरनेशनल स्कूल और आइडियल वेटरनरी कॉलेज का वीडियो और फोटो रिकॉर्ड किया।
सीबीआई की एक अन्य टीम ढिगावा मंडी भी गई, जहां दो लाइब्रेरियों में पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। मृतका मनीषा के पिता संजय कुमार ने कहा कि मनीषा नर्सिंग कोर्स की जानकारी लेने कॉलेज गई थी। उन्होंने कॉलेज संचालकों पर सहयोग न करने का आरोप लगाया। संचालकों ने न तो सीसीटीवी दिखाई और न ही उनसे मिलने आए। इसी कारण सीबीआई बुधवार को कॉलेज पहुंची। पूछताछ के दौरान 112 पुलिस को भी बुलाया गया, लेकिन पुलिस कुछ समय बाद चली गई। टीम रात सवा आठ बजे तक जांच करती रही।
मनीषा मौत का पूरा मामला
11 अगस्त को मनीषा अपने स्कूल गई, लेकिन लौटकर नहीं आई। परिजनों ने 12 अगस्त को गुमशुदगी दर्ज कराई। 13 अगस्त को सिंघानी गांव के नहर किनारे उनका शव मिला। गले पर चोट के निशान पाए जाने के कारण हत्या का संदेह जताया गया।
शव का पहला पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल में हुआ, लेकिन परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार किया। बाद में PGI रोहतक और AIIMS दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम करवाया गया। विषैले पदार्थ पाए जाने के बाद परिजनों ने CBI जांच और AIIMS पोस्टमार्टम की मांग की, जिसे सरकार ने मंजूर कर लिया।
21 अगस्त को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ। इसके बाद 3 सितंबर से CBI टीम भिवानी में मामले की गहन जांच कर रही है। अब तक मृतका के पिता, प्ले स्कूल संचालक, खाद-बीज विक्रेता देवेंद्र, और बकरी पालक सतपाल के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।