Hamirpur, Arvind
जनपद हमीरपुर में शादी के नाम पर लाखों रुपए ऐंठने का सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि एक कथित दलाल ने उन्हें विवाह का झांसा देकर लगभग आठ लाख रुपए ठग लिए। हैरानी की बात यह रही कि दलाल ने एक ही व्यक्ति की दो बार शादी करवाई—पहली पत्नी नशे की आदी निकली तो दूसरी विवाह के अगले ही दिन घर छोड़कर भाग गई।
पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक हमीरपुर को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों का कहना है कि यह कोई संगठित गिरोह है, जो विवाह का प्रलोभन देकर भोले-भाले परिवारों से मोटी रकम वसूलता है।परिजनों ने बताया कि आरोपी पहले रिश्ता पक्का करवाता है, फिर रुपए लेता है और शादी की रस्में भी पूरी कराता है। लेकिन विवाह के कुछ ही दिन बाद दुल्हन या तो नशे की लत जैसी समस्याओं में फंसी मिलती है या घर छोड़कर चली जाती है।
पीड़ित का बयान
नेरी निवासी राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें एक व्यक्ति ने इस दलाल से मिलवाया। लाखों रुपए लेने के बाद पहले उसकी शादी करवाई गई, लेकिन दुल्हन नशे की आदी निकली। बाद में उसे मायके भेज दिया गया। इसके बाद दलाल ने दूसरी शादी करवाई और फिर रुपए ऐंठ लिए। लेकिन दूसरी पत्नी भी अगले ही दिन घर से फरार हो गई।
एनजीओ की प्रतिक्रिया
मानवाधिकार संगठन से जुड़ी एक महिला सचिव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आते ही उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह टालमटोल करता रहा। जब कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई तो आरोपी समझौते की बात करने लगा। एनजीओ ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित परिवार का कहना है कि अब वे आरोपी की करतूतों से तंग आ चुके हैं और न्याय की उम्मीद में कानून का सहारा ले रहे हैं।