Chandigarh, 13 September
हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने सिरसा में हरियाणा रोडवेज की बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में दो महिलाओं की मौत के मामले पर कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को दुर्घटना की जांच के आदेश दिए और स्पष्ट किया कि अब राज्य में रोडवेज बसों से जुड़े हादसों की जांच के लिए स्थायी प्रक्रिया बनाई जाएगी।
विज ने कहा कि इन मामलों में जांच समिति का गठन होगा, जिसमें तकनीकी विशेषज्ञों के साथ पुलिस जांच अधिकारी भी शामिल रहेंगे। समिति यह तय करेगी कि दुर्घटना के लिए दोषी कौन है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।मंत्री ने निर्देश देते हुए कहा, “मैं चाहता हूं कि सिरसा की इस दुर्घटना की गहन जांच हो। यह स्पष्ट होना चाहिए कि गलती रोडवेज बस चालक की थी या ट्रैक्टर चालक की। हमें सही तथ्य जानना जरूरी है।उन्होंने कहा कि इस पहल से सार्वजनिक परिवहन में जवाबदेही सुनिश्चित होगी और सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
सिरसा हादसा
शनिवार सुबह सिरसा के ऐलनाबाद क्षेत्र में रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रॉली में सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हुए। घायलों को तत्काल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।