Mandi, 16 September
जिले की निहरी तहसील में बीती रात भूस्खलन की चपेट में एक कच्चा मकान आ गया। हादसे में घर के पांच लोग मलबे के नीचे दब गए। राहत व बचाव कार्य के दौरान अब तक दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक महिला का शव बरामद हुआ है। दो अन्य की तलाश जारी है।
एक महिला की मौत, दो सुरक्षित निकाले गए, दो की तलाश जारी
जानकारी के अनुसार, निहरी तहसील की बोई पंचायत के ब्रगटा गांव में देर रात अचानक घर के पीछे की पहाड़ी दरक गई। देखते ही देखते पूरा मकान मलबे में समा गया। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास का इलाका भी मलबे से भर गया।सड़क मार्ग बंद होने के कारण बचाव दल को मौके तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण अपने स्तर पर मलबा हटाकर लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश से और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी टीम सहित मौके के लिए रवाना हो गए हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।