Shimla, Sanju
राजधानी शिमला में बीती रात हुई तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई। जगह-जगह पेड़ गिरने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। हिमलैंड क्षेत्र में सुबह करीब तीन बजे बड़ा लैंडस्लाइड हुआ, जिसमें भारी-भरकम मलबा सड़क पर आ गिरा। मलबे की चपेट में कई वाहन दब गए, वहीं साथ लगते भवनों में भी मलबा घुस गया।
भूस्खलन के कारण सड़क पर यातायात ठप हो गया। लोक निर्माण विभाग ने सुबह से ही राहत और बहाली का काम शुरू किया और लगभग नौ बजे तक सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।मौके पर शहरी विधायक हरीश जनारथा पहुंचे। उनके साथ नगर निगम शिमला की पार्षद एवं उप महापौर उमा कौशल भी मौजूद रहीं। विधायक जनारथा ने अधिकारियों को खतरा बने पेड़ों को तुरंत हटाने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
विधायक जनारथा ने बताया कि हालांकि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। साथ ही कुछ भवनों को भी खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क को बहाल कर दिया है।स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब ढाई बजे तेज बारिश हुई और देखते ही देखते पहाड़ी से भारी मलबा नीचे आ गिरा। मलबा घरों की खिड़कियों से अंदर तक घुस गया, जिस कारण लोगों को रात के समय ही घरों से बाहर निकलना पड़ा।