पंचकूला | उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने जिले के सात सरकारी कॉलेजों को नोटिस जारी किया है। कारण यह है कि इन संस्थानों ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट लंबे समय से अपडेट नहीं की थी। निदेशालय ने कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वेबसाइट तुरंत अपडेट की जाए और लापरवाही के पीछे कारण भी स्पष्ट किया जाए।
जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर को निदेशालय ने सभी कॉलेज प्रिंसिपलों को पत्र भेजकर वेबसाइट नियमित रूप से अपडेट रखने की हिदायत दी थी। पत्र में साफ तौर पर कहा गया था कि किसी भी समय वेबसाइट की जांच की जा सकती है। यदि उसमें खामियां पाई गईं तो उसकी जिम्मेदारी सीधे प्रिंसिपल की होगी।
अधिकारियों का कहना है कि यह कदम छात्रों के हित में उठाया गया है, ताकि उन्हें प्रवेश प्रक्रिया, फीस ढांचा, अकादमिक कैलेंडर, परीक्षा शेड्यूल, लाइब्रेरी और खेल सुविधाओं सहित सभी जरूरी जानकारी समय पर मिल सके।
इन कॉलेजों को नोटिस जारी
- राजकीय कॉलेज, सेक्टर-1, पंचकूला
- राजकीय महिला कॉलेज, सेक्टर-14, पंचकूला
- राजकीय कॉलेज, कालका
- राजकीय कॉलेज, रायपुर रानी
- राजकीय कॉलेज, बरवाला
- राजकीय कॉलेज, मोरनी
- माता मनसा देवी संस्कृत कॉलेज, पंचकूला
जिन जानकारियों का अपडेट नहीं हुआ था
- एडमिशन प्रोसेस
- फीस स्ट्रक्चर
- NAAC/NEC स्टेटस
- लाइब्रेरी और खेल सुविधाएं
- कॉलेज स्टाफ विवरण
- टाइम टेबल
- अकादमिक कैलेंडर
- परीक्षा संबंधी जानकारी
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि निर्देशों की अनदेखी की गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।