Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश में देर रात हुई भारी बारिश ने कई जगह तबाही मचाई। राजधानी शिमला में रिज मैदान के पास स्कैंडल प्वाइंट के पीछे बड़ा भूस्खलन हुआ। इस दौरान GPO कॉलोनी को जाने वाली सड़क धंस गई और मलबा पास के होटल में जा घुसा। हादसे के वक्त होटल के एक हिस्से में काम करने वाले लोग मौजूद थे।
होटल कर्मचारी अनिल चौहान के मुताबिक, रात करीब 1:30 बजे मूसलाधार बारिश के दौरान अचानक भूस्खलन हुआ। मलबे की चपेट में एक ढारा भी आ गया, जिसमें कश्मीर का एक मज़दूर दब गया। सुबह करीब 3 बजे बारिश थमी, तब जाकर स्थानीय लोगों की मदद से मज़दूर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल मज़दूर को तत्काल एंबुलेंस के ज़रिये IGMC भेजा गया।
होटल मालिक हरबिंदर ने बताया कि हादसे के वक्त होटल में गैस सिलेंडर मौजूद नहीं थे, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि ख़राब ड्रेनेज सिस्टम और समय पर कदम न उठाने की वजह से यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि सड़क पहले भी बरसात में धंस चुकी थी, लेकिन प्रशासन ने स्थायी रिटेनिंग वॉल बनाने की दिशा में कोई काम नहीं किया।फिलहाल प्रशासन और विभिन्न विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने में जुटी हुई हैं।