तरनतारन | जिले के गांव बनवालीपुर से एक दुखद समाचार सामने आया है। यहां के किसान परिवार का इकलौता बेटा, 22 वर्षीय सुखमनप्रीत सिंह, इंग्लैंड में सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, सुखमनप्रीत करीब दो साल पहले रोज़गार की तलाश में इंग्लैंड गया था। हाल ही में उसने अपने माता-पिता को फोन कर बताया था कि पढ़ाई के साथ-साथ उसने एक मॉल में नौकरी शुरू कर दी है और जल्द ही विदेश जाने के लिए लिया गया कर्ज चुकता कर देगा।
बीती शाम जब वह अपने साथी के साथ ड्यूटी पर जा रहा था, तभी सड़क हादसा हो गया। इस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
इस बीच सुखमनप्रीत का शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और परिजनों को उम्मीद है कि जल्द ही उनका बेटा अंतिम संस्कार के लिए स्वदेश लाया जाएगा।