चंडीगढ़ | जननायक चौधरी देवीलाल की 112वीं जयंती 25 सितंबर को जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) पूरे प्रदेश में विशेष रूप से मनाएगी। पार्टी ने घोषणा की है कि इस अवसर पर राज्यभर में 112 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 23 सितंबर तक चौधरी देवीलाल की स्थापित सभी 72 प्रतिमाओं की साफ-सफाई और मरम्मत कराई जाएगी और जयंती के दिन प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि सभाएं होंगी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सिरसा में हुई पार्टी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस अवसर पर आपातकाल, पद यात्रा और रथ यात्रा के दौरान चौधरी देवीलाल के संघर्ष में शामिल सहयोगियों को भी सम्मानित किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने की। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पार्टी ने सभी जिलों में प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्षों के नाम तय कर दिए हैं। जल्द ही जिला और हलका कार्यकारिणियों का गठन भी पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 28 सितंबर से लेकर 22 दिनों तक डॉ. अजय सिंह चौटाला प्रदेशभर का दौरा करेंगे और 9 दिसंबर को बड़े स्तर पर जेजेपी स्थापना दिवस मनाया जाएगा।
युवा संगठन को लेकर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि “युवा जेजेपी” 23 सितंबर से सिरसा में “युवा योद्धा सम्मेलन” अभियान की शुरुआत करेगी, जिसका समापन 13 मार्च को डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर होगा। पार्टी ने सदस्यता अभियान के तहत पांच लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा था, जिसमें जींद, रोहतक और दादरी जिलों ने 100% लक्ष्य हासिल कर लिया है, जबकि बाकी जिलों में भी 85% से ज्यादा सदस्यता पूरी हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों को बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की सूची चुनाव आयोग को तुरंत सौंपने के निर्देश दिए हैं ताकि वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान पारदर्शिता बनी रहे और गड़बड़ियां न हों।
बाढ़ राहत पर सवाल पूछे जाने पर दुष्यंत चौटाला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने में नाकाम रही है। केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद हरियाणा सरकार ने न तो पर्याप्त मुआवजा मांगा और न ही राज्य को बाढ़ग्रस्त घोषित किया। यहां तक कि पंजाब से भी कम मुआवजा किसानों को देने की घोषणा की गई है।
बैठक में जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी सहित पार्टी के सभी जिलाध्यक्ष, प्रभारी और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।