रोहतक | रोहतक के महम उपमंडल के गांव भैणी सुरजन निवासी और हरियाणा पुलिस में मुख्य सिपाही के पद पर तैनात सुनील की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। सुनील झज्जर में कार्यरत थे और महम की छोटूराम कॉलोनी में परिवार सहित रहते थे।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े 9 बजे वह खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। रेस्ट हाउस के पास पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनील को महम के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक सुनील के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। सुनील का अंतिम संस्कार सोमवार को गांव भैणी सुरजन में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके पुत्र नितेश ने उन्हें मुखाग्नि दी।
गांववासियों ने भी अंतिम संस्कार में सहयोग करते हुए घर से श्मशान घाट तक का रास्ता स्वयं बनाया और वहीं पर अंतिम संस्कार संपन्न कराया।