रोहतक | देर रात पहरावर-करौर रोड पर रोहतक पुलिस की अपराध जांच शाखा-2 और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
छोटा सामानिया गैंग से जुड़े हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार घायल बदमाश छोटा सामानिया गैंग से जुड़े हैं और इनके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें गुरुग्राम के एक शोरूम से लाखों की सोने की लूट और हांसी के एक गांव में शराब ठेके पर हुई फायरिंग जैसे मामले शामिल हैं। आरोपियों की पहचान रोहतक के खरेंटी गांव निवासी अंकित और सोनीपत के गंगाना निवासी आशीष के रूप में हुई है।
कैसे हुई मुठभेड़
अपराध जांच शाखा को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बाइक से पहरावर-करौर रोड की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर और दूसरे के कूल्हे में गोली लगी।
जांच जारी
घटना के बाद एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।