चंडीगढ़। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। विज ने कहा कि राहुल गांधी का “हाइड्रोजन बम” जैसी उपमाओं का प्रयोग बेहद गैर-जिम्मेदाराना है और इससे जनता में भय और भ्रम फैल सकता है।
मीडिया से बातचीत में विज ने कहा, “राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, उन्हें सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने का पूरा अधिकार है। लेकिन अपने ही देश के संदर्भ में एटम बम और हाइड्रोजन बम जैसी शब्दावली का इस्तेमाल करना देशहित के खिलाफ है। विपक्ष की भूमिका constructive होनी चाहिए, न कि नकारात्मक।”
उन्होंने राहुल गांधी से मांग की कि वे अपने आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत पेश करें। विज ने तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी पर नकारात्मकता इतनी हावी हो चुकी है कि अब उनकी भाषा भी उसी का प्रतिबिंब बन गई है।”
अनिल विज ने अपने एक्स हैंडल पर भी लिखा कि राहुल गांधी दुनिया के पहले ऐसे नेता हैं, जो अपने ही देश में “एटम बम और हाइड्रोजन बम गिराने” जैसी बातें कर रहे हैं।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि “वोट चोरी की सच्चाई सामने आने वाली है। एटम बम से बड़ा हाइड्रोजन बम होता है, और वह जल्द आने वाला है।” इससे पहले भी राहुल गांधी 7 अगस्त और 11 सितंबर को “डायनामिक एक्सप्लोसिव सबूत” की बात कर चुके हैं।