गुरुग्राम। जेएमडी मेगापोलिस मॉल के एक कर्मचारी पर तीन युवकों द्वारा चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी और कहा, “आज बच गया, अगली बार गोली मारेंगे।”
पीड़ित राहुल, जो रवि नगर का निवासी है, अपनी सहकर्मी सोनम के साथ ड्यूटी पर जा रहा था। रास्ते में आरोपियों शुभम, राज और गौरव ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर रोक लिया और उस पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान चाकू से वार करने की कोशिश की गई, लेकिन राहुल बाल-बाल बच गया।
पीड़ित ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हमलावरों ने उसे पहले भी रोककर हालचाल पूछा था और यह सुनिश्चित किया था कि वह ड्यूटी पर जा रहा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने राहुल का मेडिकल करवाकर उसकी शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल तीनों आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।