मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के नौचंदी इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक टेस्ट ड्राइव का बहाना बनाकर दुकान से बाइक लेकर फरार हो गया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के मुताबिक, लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के शालीमार गार्डन निवासी राशिद की बाइक शॉप पर एक युवक बाइक खरीदने पहुंचा। बातचीत के बाद 15 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। आरोपी ने कहा कि वह बाइक खरीदेगा, लेकिन पहले टेस्ट ड्राइव करनी होगी। जैसे ही उसे बाइक दी गई, वह उसे लेकर भाग निकला और वापस नहीं लौटा।
आरोपी की पहचान और पुलिस का पक्ष
पीड़ित राशिद ने बताया कि आरोपी को एक जानकार दुकान पर लेकर आया था और उसका नाम आयन बताया जा रहा है। घटना का फुटेज सीसीटीवी में दर्ज हो चुका है। राशिद का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर चौकी पहुंचे तो पुलिस ने रजिस्ट्रेशन मालिक को साथ लाने की बात कही।
इस मामले पर सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि अभी तक औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। शिकायत दर्ज होने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।