गुरुग्राम | गुरुग्राम में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के सरकारी बंगले के गार्ड रूम में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल ने आत्महत्या कर ली। मंगलवार की सुबह सहकर्मी ने कांस्टेबल को बेहोशी की हालत में पाया और तुरंत मंत्री व पुलिस को इसकी जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कांस्टेबल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 49 वर्षीय कांस्टेबल जगबीर सिंह के रूप में हुई है। वह झज्जर के सुखपुरा गांव का निवासी था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल जगबीर सिंह मंत्री के बंगले के एंट्री गेट पर ड्यूटी पर तैनात थे। बीती रात जब उनके सहकर्मी नियमित जांच के लिए गार्ड रूम गए, तो उन्हें जगबीर बेसुध हालत में मिले। सहकर्मी ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। पुलिस अब आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और इस सिलसिले में परिवार और सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है।