चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना को लॉन्च करने की तैयारियाँ तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 25 सितंबर को इस योजना की औपचारिक शुरुआत करेंगे। योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिए समाज कल्याण विभाग और नागरिक संसाधन सूचना विभाग के अधिकारी और कर्मचारी छुट्टी वाले दिन भी तैयारियों में जुटे रहे।
यह योजना राज्य सरकार की ड्रीम योजना के रूप में जानी जा रही है। इसके तहत एक लाख रुपये तक वार्षिक आय वाली महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये दिए जाएंगे। हरियाणा में कुल 20.97 लाख लाभार्थी योजना के तहत लाभान्वित होंगे।
लाभ लेने के लिए सभी महिलाओं को योजना के एप पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। यह एप 25 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा। एप के ट्रायल में नागरिक संसाधन विभाग के अधिकारियों ने 1,200 से अधिक महिलाओं के आवेदन सफलतापूर्वक पूरे किए हैं।
एप के माध्यम से न केवल रजिस्ट्रेशन बल्कि सत्यापन और शिकायत निवारण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, राजस्व विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी ऑनलाइन निवास प्रमाणपत्र आवेदनों का उसी दिन निपटारा किया जाए जिस दिन वे प्राप्त हों।
योजना को राज्य के सभी 22 जिलों में लागू किया जाएगा। इसके लिए मंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को भी ड्यूटी दी गई है। योजना के तहत पहली किस्त 2,100 रुपये की 1 नवंबर को दी जाएगी। राज्य सरकार यह प्रयास कर रही है कि पहली किस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या अमित शाह से जारी करवाई जाए।