महाराष्ट्र | महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में पिछले चार दिनों से हो रही भारी बारिश ने कहर बरपा दिया है। अब तक कम से कम आठ लोगों की मौत हो चुकी है, कई गांव जलमग्न हो गए हैं, मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और हजारों हेक्टेयर में खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।
राज्य मंत्रिमंडल ने मुंबई में बैठक कर हालात की समीक्षा की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार प्रभावित किसानों और परिवारों को हर संभव राहत देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने धाराशिव जिले में 27 लोगों को बचाया और करीब 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। 20 सितंबर से लगातार हो रही बारिश के कारण कई बांधों में पानी भर गया है और जलस्तर नियंत्रित करने के लिए पानी छोड़ना पड़ा है।
राजस्व विभाग के अनुसार, लातूर में तीन, बीड में दो और छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़ व धाराशिव में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। अधिकांश मौतें बिजली गिरने और डूबने की घटनाओं से हुई हैं। धाराशिव जिले के 159 गांव प्रभावित हुए हैं और 186 मवेशियों की मौत हो चुकी है। वहीं छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड में भी बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।