चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार 25 सितंबर से दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत करने जा रही है। राज्यभर में इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, सेवा विभाग ने पात्र महिलाओं को मोबाइल संदेश भेजने शुरू कर दिए हैं। संदेश में महिलाओं को सूचित किया गया है कि वे योजना की संभावित लाभार्थी हैं। साथ ही आधार कार्ड, निवासी प्रमाण पत्र और बैंक खाता विवरण तैयार रखने की अपील की गई है, ताकि आवेदन प्रक्रिया सुगम हो सके।
प्रदेश की लगभग 21 लाख महिलाएं इस योजना की पात्र मानी गई हैं। सरकार ने घोषणा की है कि इस योजना के अंतर्गत 1 नवंबर से महिलाओं के खातों में 2100 रुपये की राशि सीधे भेजी जाएगी।
गुरुवार को हर जिले में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें विभिन्न मंत्री और नेता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। हालांकि, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का नाम किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं किया गया है।