चंडीगढ़ | हरियाणा के लोगों के लिए मौसम से जुड़ी राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अक्टूबर से सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होनी शुरू हो जाएगी। हालांकि फिलहाल गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं है।
23 सितंबर को हरियाणा का हिसार जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान पानीपत में 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे साफ है कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। आज यानी 24 सितंबर को प्रदेश में बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे धूप कम निकलेगी, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। सुबह का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि मानसून की विदाई पश्चिमी राजस्थान से 14 सितंबर को शुरू हो चुकी थी और अब तक आधा हरियाणा, पंजाब और गुजरात से भी लौट चुका है। अगले 24 घंटों में यह पूरे हरियाणा से विदा हो जाएगा। सामान्य तौर पर देशभर से मानसून 15 अक्टूबर तक समाप्त होता है।
मौसम एजेंसियों का अनुमान है कि अक्टूबर से दिसंबर के बीच ला-नीना बनने की संभावना 71% और दिसंबर से फरवरी के बीच 54% है। इसका असर यह होगा कि अक्टूबर में हल्की ठंडक तो शुरू हो जाएगी, लेकिन नवंबर तक कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना बेहद कम है। वहीं जनवरी 2026 में सामान्य से अधिक ठंड पड़ सकती है।