नई दिल्ली | मुंबई के कांदिवली (पूर्व) में बुधवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से एक दुकान में भयंकर आग लग गई, जिसमें छह महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से झुलस गए। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि तीन लोग लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।
घटना अकुरली मेनटेनेंस चौकी के पास राम किसान मेस्त्री चॉल स्थित एक मंजिला दुकान में सुबह 9.05 बजे हुई। आग बिजली के तारों, उपकरणों, खाद्य पदार्थों, एलपीजी सिलेंडर और गैस चूल्हे तक सीमित रही।
अधिकारीयों के अनुसार, बीडीबीए अस्पताल में भर्ती रक्षा जोशी (47) और दुर्गा गुप्ता (30) लगभग 85 से 90 प्रतिशत तक झुलस गई थीं। वहीं पूनम (28) भी 90 प्रतिशत तक झुलस गई। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए कस्तूरबा अस्पताल रेफर किया गया।
अन्य घायलों में नीतू गुप्ता (31), जानकी गुप्ता (39), शिवानी गांधी (51) और मनाराम कुमाकट (55) शामिल हैं। मनाराम का लगभग आधा शरीर झुलसा है।
नगर निगम के अधिकारीयों ने बताया कि दमकल टीम ने आग पर तेजी से काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम घटनास्थल पर मौजूद है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।